'एकतरफ़ा प्यार '
'एकतरफ़ा प्यार !'मैं समझती हूँ आप सभी ने ये शब्द कई बार और कई जगहों पर सुना होगा.मगर आज तक मैं ये समझ नहीं पाई कि प्यार एकतरफ़ा कैसे हो सकता है?
इंसान प्यार के बदले ही प्यार दे सकता है. नफरत के बदले या किसी के उपेक्षित व्यवहार के बदले प्यार दे पाना किसी भी सामान्य व्यक्ति के वश की बात नहीं हो सकती । ऐसा करने वाला या तो कोई महान आत्मा हो सकता है या फिर पागल । प्यार से प्यार और नफ़रत से नफ़रत पनपती है। क्या कभी ऐसा हो सकता है कि आप किसी के गाल पर थप्पड़ मारें और बदले में वो आकर आपको गले लगा ले कि आपने जो किया मुझे बहुत अच्छा लगा । नहीं ऐसा कभी नहीं होता है ,और यदि ऐसा कभी होता है तो वही दो बातें होती हैं कि या तो वह व्यक्ति पागल होता है या फिर एकदम महान आत्मा । किसी सामान्य व्यक्ति की नफ़रत के बदले प्यार देने की बात बिलकुल भी विश्वसनीय नहीं हो सकती । दूसरी बात ये कि हम यदि किसी को भी प्यार करते हैं तो हमे उसमें कुछ न कुछ पॉजिटिव ज़रूर दिखता है । कोई भी सकारात्मक गुण जो अपनी ओर आकर्षित करता है लेकिन वो स्वयं के प्रति उसका सकारात्मक व्यवहार ही होता है । उदाहरण के लिए, मजनू लैला के लिए पिटता रहता और लैला की सेहत पर कोई असर नहीं पड़ता,वो उसके प्रति लोगों के गलत व्यवहार का कोई विरोध नहीं करती तो क्या तब भी मजनू लैला के लिए दीवाना रहता, कदापि नही ।
एक सामान्य व्यक्ति का दिमाग तुरंत इस चीज़ का विरोध करता है और स्वाभाविक ही उसके दिमाग में विरोधी विचार पनपने लगते हैं जैसे कि 'मुझे क्या पागल कुत्ते ने काटा'है, जो इसके लिए पिटता रहूँ । 'बहुत देखे हैं इसके जैसे'। 'समझती क्या है अपने आपको'आदि -आदि ।
बस यहीं प्यार का जूनून ख़त्म ,और शुरू हो जाती है इंतकाम की लड़ाई । इसका साफ़ मतलब है की यदि तुम मुझ पर मर मिटोगे तो मैं भी तुम्हारे लिए लुटने के लिए तैयार हूँ वरना तुम मेरे सबसे बड़े दुश्मन हो । अब आप ही सोचिए ये भी कोई प्यार हुआ ?
प्यार तो बिना शर्त ,बिना बदले की भावना के और बिना कुछ अपेक्षा लिए होना चाहिए । इंतकाम वाला प्यार, एकतरफ़ा प्यार,ये सब दुर्भावनाएं हैं, 'प्यार'शब्द के साथ उपयोग में ली गई गलत शब्दावली हैं जिनका कोई सेंस नहीं है ।
प्यार की शुरुआत दोनों के सकारात्मक रुख से ही होती है.ये बात अलग है कि कोई एक सीमा के बाद वास्तविकता को स्वीकार करने से मुकर जाए या अपना रुख़ बदल ले ।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
allowed