वास्‍तविक बलिष्ठ


शरीर से बलिष्ठ किन्तु डरपोक और कमज़ोर मनोबल वाले व्यक्ति से कहीं आकर्षक वो व्यक्ति है जो शरीर से कम बलिष्ठ होकर भी दृढ़  मनोबल से पूर्ण और निर्भीक होता है.यदि एक पुरुष हट्टा -कट्टा शरीर होते हुए भी मुसीबत में फँसे किसी व्यक्ति की मदद न करके उसे अनदेखा कर दे ,किसी स्त्री के सम्मान की रक्षा न कर सके तो वह वास्तविक अर्थों में पुरुष कहलाने योग्य नहीं है । उसकी शारीरिक शक्ति महत्वहीन है, व्यर्थ है । सच्चा पुरुष मन से सशक्त और धर्मनिष्ठ होता है । वो किसी भी निर्बल की रक्षा करने का उच्च मनोबल और मजबूत हौसला रखता है ।मुसीबत में फसे किसी भी असमर्थ प्राणी की रक्षार्थ अपने सारे प्रयास करने को तत्पर रहता है। मुझे गर्व है कि मैं  ऐसे ही उच्च मनोबल वाले इंसान की पत्नी हूँ ।

 2013 की बात है हम वैष्णो माँ के दर्शन को जम्मू के लिए निकले थे । जम्मू के लिए हम एक ग्रुप में और अपनी एक पर्सनल बस करके गए थे । इधर से हम सब मस्ती करते हुए माता के मंदिर पहुँचे. सभी ने माँ के दर्शन किए।5-6 दिन के बाद जब हम माँ के दर्शन करके घर के लिए लौट रहे थे तो रास्ते में ही,सामने से आ रही एक कार हमारी आँखों के सामने  अचानक खाई में जा गिरी । इन्होंने उन लोगों को बचाने के लिए बस के रुकने का भी इंतजार नहीं किया और चलती बस से ही उन लोगों की रक्षार्थ खाई में कूद गए । देवी माँ  की कृपा से इन्होंने उस कार में सवार सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया और ख़ुद भी सुरक्षित निकल आए । उस परिवार ने इनका बहुत-बहुत शुक्रिया अदा किया ।

इनके मन में एक अलग ही  ख़ुशी और संतोष था जो प्रायः कोई भी अच्छा कर्म करके मिलती है । हालांकि उस वक़्त मैंने एक पत्नी होने के नाते इन पर क्रोध भी किया था कि आपने अपनी जान जोख़िम में क्यों डाली परंतु स्व से ऊपर उठकर अब जब भी सोचती हूँ तो इन पर गर्व होता है ।

बिना किसी स्वार्थ के ,बिना कुछ पाने की इच्छा के इतना बड़ा साहस दिखाना किसी सामान्य व्यक्ति का काम नहीं हो सकता. दया और निःस्वार्थ प्रेम की  भावना  इनमें इतनी ज़्यादा है कि आज भी रास्ते में यदि किसी दुर्घटना ग्रस्त व्यक्ति को देख लेते हैं तो तुरंत उसे अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुँचाते है। उस साहसिक कार्य के लिए भले ही  इन्हें कोई पदक या उपहार न मिला हो लेकिन जो पुण्य और संतोष का आनंद मिला वो  अमूल्य पूँजी है, इनके लिए भी और मेरे लिए भी ।                                                               -                        

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

मनुष्य हो तो मनुष्य बन रहो

भीतर की सुन्दर दुनिया में रहें'