'अम्मा'
'अम्मा 'मेरे लिए ये एक ऐसा शब्द है जो अथाह प्रेम,ममता और त्याग की परिभाषा अभिव्यक्त करता है।इस शब्द को अधिकतर लोग 'दादी 'के लिए प्रयुक्त करते हैं लेकिन मैं ये मेरी' नानी' के लिए करती थी।वो इतनी ममतामयी थीं कि उनकी गोद में सिर रखते ही मेरी तबियत ठीक हो जाया करती थी।बच्चों का बचा -कुचा खाने में शायद उन्हें ज़्यादा ही सुकून मिलता था इसलिए अक्सर हमारे खाना खाने के बाद बचे हुए खाने में ही कुछ और खाना मिक्स करके खाना पसंद करती थीं।दयालु और सेवाभावी इतनी कि गाँव में किसी की भी तबियत ख़राब होने की ख़बर सुनते ही सब काम छोड़ कर उसके पास पहुँच जाया करती थीं।उसकी हर संभव मदद किया करती थी।किसी के चोट लगने पर उसके घाव ख़ुद धोती थीं,मरहम-पट्टी करती थी।बेटा-बेटी दोनों ही उनकी नज़रों में समान थे।पुराने ख़यालातों की होते हुए भी उन्होंने बेटियों पर अपनी भरपूर ममता लुटाई।उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित किया । उनकी परवरिश में कभी कोई कमी नहीं आने दी.दिनभर घर के सारे काम करने के बाद थकान को भूलकर वो हमे रात को मुनक्का का दूध पिलाना कभी नहीं भूलती थीं ।यूँ तो हमारे नाना जी भी कम प्यारे नहीं थे। मगर वो प्रैक्टिकल ज़्यादा थे । साथ ही पढ़ाई के प्रति लापरवाही उन्हें बिलकुल बर्दाश्त नहीं थी.होती भी कैसे आखिर,उस ज़माने के प्रतिष्ठित''हैड मास्टर' जो थे।
पढ़ाई में इतने होशियार के उनके गुरु जी 'उन्हें' मिस्टर मौका'कह कर संबोधित करते थे ।'मिस्टर मौका' इसलिए क्योंकि जब भी कक्षा में कोई ऐसा प्रश्न पूछा जाता था जिसका उत्तर कोई नहीं दे पाता था वो वहाँ उपस्थित हो जाते थे और झट से उस प्रश्न का उत्तर दे दिया करते थे । हमने गणित की पढ़ाई के दौरान अक्सर उनके हाथों से ,चक्कर ला देने वाले थप्पड़ खाए हैं ।उस स्थिति में हमारी ये प्यारी अम्मा ही हमे बचाती थीं और हमारी वजह से दोनों की कहा-सुनी हो जाया करती थी पर जो भी हो,दोनों ही विशाल हृदय के थे।दोनों ही बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए सोचने वाले थे । दोनों ही दूसरों की सहायता के लिए हर वक़्त तैयार रहते थे । नानाजी अपनी आय का अधिकतर हिस्सा दूसरों की मदद में लगा देते थे । पूरा गाँव उन दोनों को असीम आदर व प्यार देता था । अम्मा' तो इतनी दबंग भी थीं कि उनकी एक डांट से पहलवान जैसे शरीर वाला शख्स भी थर-थर काँपने लगता था । अद्भुत थीं वो । साहस ,प्रेम ,क्षमा और क्रोध का अनूठा संगम था उनके व्यवहार में ।

Bahut sundar aur dil ko chchune wali Abhivyakti
जवाब देंहटाएं